कुमार इंदर, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा का स्कूल के बाहर से अपहरण कर उसके साथ बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई है।
यूनिफॉर्म बदलवाकर ले गया होटल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी छात्रा को स्कूल के बाहर से जबरन अपने साथ ले गया। वारदात को छिपाने की नीयत से आरोपी ने पहले छात्रा की स्कूल यूनिफॉर्म बदलवाई और फिर उसे विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित ‘केएआर कैफे एंड रेस्टोरेंट’ (होटल) ले गया, जहाँ उसने मासूम के साथ दरिंदगी की।
स्कूल लौटते ही बिगड़ी तबीयत
वारदात के बाद आरोपी छात्रा को वापस स्कूल के पास छोड़ गया। जब छात्रा स्कूल पहुंची, तो उसकी तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ गई। छात्रा की हालत देख स्कूल प्रबंधन ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहाँ उसका इलाज जारी है।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामला सामने आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। माढ़ोताल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय आरोपी नीलेश चौबे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोपी हिरासत में
जबलपुर के एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। जिस स्थल (कैफे/होटल) पर वारदात हुई, उसकी भी गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


