सुशील खरे, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जिला सर्किल जेल में बंद 19 वर्षीय युवक ने अपने साथ यौन शोषण किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने मेडिकल बोर्ड से जांच और सीजेएम के समक्ष बयान दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

READ MORE: बैंक मैनेजर की गुंडागर्दी: गनपॉइंट पर सोसायटी अध्यक्ष को किडनैपिंग की कोशिश, दबंगई CCTV में कैद 

मामला रतलाम जिला सर्किल जेल का है। जानकारी के मुताबिक एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल में बंद 19 वर्षीय युवक ने आरोप लगाया है कि जेल में बंद एक अन्य कैदी ने उसके साथ जबरन शारीरिक शोषण किया। पीड़ित युवक का कहना है कि उसने इसकी शिकायत जेल प्रशासन से भी की थी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब युवक के पिता उससे मिलने जेल पहुंचे। मुलाकात के दौरान युवक ने पूरी आपबीती अपने पिता को बताई। इसके बाद परिजनों ने पहले जेल प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर कानूनी रास्ता अपनाया गया। पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता देवेंद्र भटनागर ने जेल पहुंचकर युवक से मुलाकात की और तथ्यों की जानकारी लेने के बाद जावरा स्थित एनडीपीएस एक्ट के विशेष न्यायाधीश की कोर्ट में आवेदन पेश किया। आवेदन में निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई।

READ MORE: ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का भंडाफोड़: सुहागरात से पहले 2 लाख की ठगी कर हुई फरार, 6 आरोपी गिरफ्तार    

मामले को गंभीर मानते हुए विशेष न्यायालय ने जिला जेल प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित का मेडिकल परीक्षण मेडिकल बोर्ड या मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कराया जाए। साथ ही मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष युवक के बयान दर्ज कराने के भी आदेश दिए गए हैं। कोर्ट के सख्त रुख के बाद जेल प्रशासन भी हरकत में आ गया है। जेल अधीक्षक लक्ष्मण सिंह भदौरिया का कहना है कि मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है और न्यायालय के निर्देशानुसार बंदी का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m