इदरीश मोहम्मद, पन्ना। ​मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से एक ऐसी दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। धरमपुर थाना क्षेत्र के भखुरी गांव में एक नवविवाहित जोड़े ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान दोनों की ही मौत हो गई। इस दोहरे सुसाइड से हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

रास्ते और अस्पताल में तोड़ा दम

घटना ​शनिवार की रात करीब 8 बजे पूरे परिवार ने एक साथ बैठकर हंसी-खुशी खाना खाया था। इसके बाद 25 वर्षीय सागर यादव और उसकी 23 वर्षीय पत्नी श्याम कली अपने कमरे में सोने चले गए। ​लेकिन कुछ ही देर बाद कमरे से अचानक चीखने-चिल्लाने और उल्टियां करने की आवाजें आने लगीं। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो दोनों की हालत बेहद खराब थी। ​आनन-फानन में दोनों को अजयगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन बदकिस्मती से पत्नी श्याम कली ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि पति सागर की मौत जिला अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई।

मृतक सागर चार बहनों का इकलौता भाई

मृतक सागर चार बहनों का इकलौता भाई था और दोनों की शादी को महज 3 साल ही हुए थे। थाना प्रभारी अनिल राजपूत के मुताबिक, चूंकि मृतिका नवविवाहिता है, इसलिए मर्ग कायम कर पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है। दोनों के शवों का आज पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आखिरकार इस आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह क्या थी, यह तो पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

रामकेश यादव (पिता)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m