भिवाड़ी। भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और दर्दनाक मामला सामने आया है। कैप्टन चौक स्थित श्रमिक कॉलोनी में रहने वाली एक महिला पर आरोप है कि मायके जाने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने अपनी 8 माह की बेटी को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया, जिसके बाद इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय बच्ची के पिता मोहित, जो एक सोलर कंपनी में काम करते हैं, ड्यूटी पर गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी सपना और बच्ची मौजूद थीं।

परिजनों के मुताबिक, महिला कुछ दिनों से मायके जाने की बात कह रही थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद यह दर्दनाक घटना हुई।

घटना के बाद परिजन बच्ची को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर उसे अलवर के अस्पताल रेफर किया गया। ICU में दो दिनों तक इलाज के बावजूद बुधवार को बच्ची ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। बच्ची के पिता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।