रांची। BIT मेसरा के हॉस्टल में शुक्रवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक छात्रा अपने कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली। मृतका की पहचान गोड्डा जिले की रहने वाली अंजली सुमन के रूप में हुई है। अंजली हॉस्टल नंबर-9 में रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना की सूचना के बाद बीआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

कमरे से बाहर नहीं आई तो सहेलियों ने देखा अंदर

बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद अंजली अपने कमरे में चली गई थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली, तो साथ रहने वाली छात्राओं को शक हुआ। भोजन के समय भी उसके बाहर नहीं आने पर सहेलियों ने कमरे के दरवाजे से अंदर देखने की कोशिश की।

अंदर का दृश्य देखकर छात्राओं ने तत्काल कॉलेज प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच की और छात्रा के शव को बाहर निकाला।

मौत की वजह अभी साफ नहीं

पुलिस की शुरुआती जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में छात्रा की मौत की परिस्थितियों और कारणों को लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस खंगाल रही सभी पहलू

घटना की सूचना मिलते ही बीआईटी थाना प्रभारी अजय कुमार दास पुलिस बल के साथ हॉस्टल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल छात्रा की मौत को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।