नारनौल। हरियाणा के नारनौल क्षेत्र के गांव घाटाशेर में बुधवार देर रात करीब 11 बजे दो पक्षों के बीच विवाद के बाद गोलीबारी हो गई। आरोप है कि विकास उर्फ घाटा ने अपने घर से अवैध हथियार लाकर अतर सिंह पर फायरिंग कर दी। अतर सिंह को चार गोलियां लगी हैं। वह गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

कार के शीशे तोड़ने से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विकास उर्फ बब्लू की कार में विकास उर्फ घाटा, सचिन और उसके दो साथियों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान विकास उर्फ घाटा और उसके साथियों ने कार के शीशे तोड़ दिए। कार में तोड़फोड़ की जानकारी मिलने के बाद विकास उर्फ बब्लू के चाचा अतर सिंह नाराज हो गए। वह विकास उर्फ घाटा के घर के सामने पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई।

घर से हथियार लेकर आया और कर दी फायरिंग

आरोप है कि इसी दौरान विकास उर्फ घाटा घर से अवैध हथियार लेकर बाहर आया। उसने अतर सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से अतर सिंह जमीन पर गिर पड़े। उन्हें चार गोलियां लगीं। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही डायल 112 और निजामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। घायल अतर सिंह को उपचार के लिए नारनौल के अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विकास उर्फ घाटा के खिलाफ निजामपुर थाने में पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर भी बताया गया है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है। शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m