लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश में लखनऊ पुलिस ने रायबरेली स्थित उसके पिता के आवास पर पूछताछ की. इस दौरान पुलिस ने श्रद्धा के संपर्कों और उसके घर में पहले किराये पर रह चुके आनंद के बारे में भी जानकारी जुटाई.
लखनऊ. कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश करते हुए लखनऊ पुलिस रायबरेली पहुंची. सोमवार को पुलिस टीम ने शहर के रामजीपुरम स्थित श्रद्धा के पिता एसपी दुबे के आवास पर जाकर उनसे और उनकी पत्नी से करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की. इसके बाद टीम लखनऊ लौट गई.
श्रद्धा के संपर्कों की जानकारी
पुलिस ने श्रद्धा के पिता और सौतेली मां से उसके परिचितों के बारे में जानकारी जुटाई. साथ ही यह भी जानने का प्रयास किया कि घटना के बाद श्रद्धा ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की थी या नहीं.
पूछताछ के दौरान पुलिस ने आनंद नाम के युवक के बारे में भी जानकारी ली. बताया जाता है कि आनंद कुछ साल पहले श्रद्धा के घर में किराये पर रहकर पढ़ाई करता था और अब किसी अन्य स्थान पर नौकरी कर रहा है. पुलिस ने यह पता लगाने की कोशिश की कि कहीं वह श्रद्धा की मदद तो नहीं कर रहा है.
करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ
पुलिस टीम दोपहर करीब 12 बजे श्रद्धा के आवास पहुंची थी और करीब डेढ़ बजे वहां से रवाना हो गई. हालांकि, अधिकारियों ने पिता और सौतेली मां से पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी के बारे में कोई विवरण साझा नहीं किया.
सौतेली मां ने की गुहार
पूछताछ के बाद श्रद्धा की सौतेली मां ने घटना के संबंध में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनका श्रद्धा से कोई संपर्क नहीं है. उन्होंने दावा किया कि कई साल से श्रद्धा का घर आना-जाना नहीं है और उनके बीच बातचीत भी नहीं हुई है.
उन्होंने हाथ जोड़कर पुलिस से गुहार लगाई, “हम लोगों को जीने दीजिए. आप लोगों के घर में भी औलादें होंगी.”
कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में श्रद्धा दुबे अब तक पुलिस की पकड़ से दूर है.

