4 अगस्त से मिलेगी हवाई यात्रा की सुविधा, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए झारखंड सरकार की पहल

दुमका। श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड सरकार 4 अगस्त 2026 से देवघर और बासुकीनाथ धाम के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने जा रही है। इस सेवा के जरिए श्रद्धालु दोनों प्रमुख तीर्थस्थलों के बीच कम समय में यात्रा करने के साथ आकाशीय दर्शन का भी आनंद ले सकेंगे।

4 अगस्त से शुरू होगी सेवा

दुमका जिला प्रशासन के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, झारखंड के नागर विमानन विभाग और झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (JFI) के माध्यम से यह हेलीकॉप्टर सेवा व्यावसायिक आधार पर संचालित की जाएगी। श्रद्धालु निर्धारित किराया देकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक उड़ान

झारखंड नागर विमानन विभाग के अधिकारी एन. राठौर ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर यह सेवा शुरू की जा रही है। शुरुआती चरण में 4+1 सीट क्षमता वाला हेलीकॉप्टर उपलब्ध रहेगा। हेलीकॉप्टर का संचालन प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक किया जाएगा।

व्यापारियों और पंडा समाज ने किया स्वागत

हेलीकॉप्टर सेवा की घोषणा के बाद स्थानीय व्यापारियों और बासुकीनाथ पंडा समाज ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। दुमका चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव मनोज कुमार घोष ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय व्यापार को भी लाभ मिलेगा। वहीं पंडा समाज का कहना है कि यह सुविधा धार्मिक पर्यटन को नई गति देगी और इसे पूरे वर्ष संचालित किया जाना चाहिए।

हेलीकॉप्टर सेवा का किराया
– देवघर आकाशीय दर्शन: ₹2,850 (7–10 मिनट)
– बासुकीनाथ आकाशीय दर्शन: ₹2,850 (7–10 मिनट)
– देवघर–त्रिकूट पहाड़ आकाशीय दर्शन: ₹3,750 (10–15 मिनट)
– देवघर से बासुकीनाथ (एकतरफा): ₹4,500

श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए www.jharkhandaviation.in तथा हेल्पलाइन नंबर 9122583111 पर संपर्क कर सकते हैं।