कानपुर. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की ओर से सपा प्रमुख अखिलेश यादव को अपनी विधानसभा सीट जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती देने पर समाजवादी पार्टी ने पलटवार किया है. सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि राजभर का राजनीतिक धरातल खिसक गया है, इसलिए वह इस तरह के बयान दे रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जिन मुद्दों को लेकर सत्ता में आई थी, उन पर विफल रही है और अब नेता चुनाव लड़ने के लिए जमीन तलाश रहे हैं.

अखिलेश को चुनौती देने पर राजभर को घेरा

श्यामलाल पाल ने राजभर के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह की चुनौती देने से उनकी राजनीतिक स्थिति मजबूत नहीं होने वाली है. उन्होंने दावा किया कि राजभर का राजनीतिक आधार कमजोर हो रहा है, इसलिए वह अखिलेश यादव को अपनी सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दे रहे हैं. राजभर ने अखिलेश को जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी.

सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार जिन मुद्दों को लेकर सत्ता में आई थी, उन पर अपेक्षित सफलता नहीं मिली है. उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय कुछ नेता इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं. उनके मुताबिक, आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी.

आरक्षण और संविधान को लेकर भाजपा पर निशाना

श्यामलाल पाल ने कहा कि संविधान में पिछड़े और वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई है, लेकिन सरकार इसे प्रभावी ढंग से लागू करने में असफल रही है. उन्होंने लोकतंत्र और संविधान पर खतरे का आरोप लगाते हुए भाजपा की नीतियों की आलोचना की.

वोट चोरी के आरोप भी लगाए

दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए पाल ने भाजपा पर वोट चोरी के जरिए लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के खिलाफ है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी. श्यामलाल पाल रविवार रात पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर आयोजित काव्यांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां कवियों ने अपनी रचनाओं से उन्हें श्रद्धांजलि दी.