Rajasthan Desk, सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के अयोध्या साइबर पुलिस स्टेशन के एक सब-इंस्पेक्टर (SI) और तीन कॉन्स्टेबल्स को 2.80 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी पुलिसकर्मी एक साइबर ठगी के मामले को रफा-दफा करने की एवज में रिश्वत की रकम लेकर वापस अयोध्या लौट रहे थे।
पढ़िए पूरी खबर
सीकर ACB के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विजय सिंह ने जानकारी दी कि सीकर जिले के एक युवक के खिलाफ साल 2024 में अयोध्या साइबर थाने में मामला दर्ज हुआ था। इसी केस को रफा-दफा करने और मदद करने के नाम पर अयोध्या पुलिसकर्मियों ने कुल 8 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी पहले ही 4 लाख रुपए ले चुके थे। इसके बाद बाकी बचे पैसों के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। आखिरकार, 2.80 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। पीड़ित युवक ने इस मामले की शिकायत सीकर एसीबी से कर दी, जिसके बाद एसीबी ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया।
एसीबी की गाड़ी को टक्कर मारकर भागने की कोशिश
मंगलवार दोपहर आरोपी पुलिसकर्मी रिश्वत की रकम लेकर सीकर से अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। परिवादी की सटीक सूचना पर सीकर ACB की टीम ने सीकर-बीकानेर नेशनल हाईवे पर स्थित रसीदपुरा टोल प्लाजा के पास उनकी गाड़ी को रोक लिया। एसीबी टीम ने जब उनकी गाड़ी की तलाशी ली, तो उनके पास से रिश्वत के 2.80 लाख रुपए बरामद हुए।
एसीबी की पकड़ से बचने के लिए आरोपियों ने अपनी कार से एसीबी की गाड़ी को जोरदार टक्कर मारकर भागने की कोशिश भी की, लेकिन सतर्क एसीबी टीम ने चारों को दबोच लिया। एसीबी ने मौके से जिन चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है, उनमें यशवंत सिंह (सब-इंस्पेक्टर), गौरव (कॉन्स्टेबल), सोहन (कॉन्स्टेबल) और पवन त्रिपाठी (कॉन्स्टेबल) शामिल हैं
अधिकारियों तक पैसे पहुंचाने का था दावा
जांच में सामने आया है कि ये चारों पुलिसकर्मी करीब 800 किलोमीटर का सफर तय करके सीकर आए थे और पिछले 3 दिनों से यहीं डेरा डाले हुए थे। आरोपियों ने पीड़ित को यह कहकर डराया था कि यह पैसे आगे बड़े अधिकारियों तक पहुंचाए जाने हैं। फिलहाल, सीकर एसीबी टीम गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है और उनके अन्य ठिकानों तथा सहयोगियों की भी जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


