उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा थाना क्षेत्र में एक महिला ने गांव के प्रधान पर इलाज के बहाने बेहोश कर दुष्कर्म करने, गर्भपात कराने और खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है.
सिद्धार्थनगर. जिले के खेसरहा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने गांव के प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता का पति बाहर रहकर आजीविका चलाता है और वह घर पर अकेली रहती है. आरोप है कि आरोपी ग्राम प्रधान जो कि झोलाछाप डॉक्टर भी है, उसने पूर्व में दवा देने के बहाने महिला को बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया. इस घटना के बाद जब पीड़िता गर्भवती हो गई तो आरोपी ने दबाव बनाकर उसका जबरन गर्भपात करा दिया और उससे लगभग दो लाख रुपये भी वसूल लिए.
खंभे से बांधकर बेरहमी से मारपीट पीड़िता के अनुसार बीते 27 अक्टूबर को आरोपी प्रधान अपने साथियों के साथ उसके घर में घुस आया और उसे जबरन बाहर खींचकर ले गया. इसके बाद उसे खंभे से बांधकर लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई. इस घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को बंधन मुक्त कराया. पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर आरोपियों से मिले होने का आरोप लगाया है, जबकि उसे और उसके पति को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं.
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई मामले की गंभीरता को देखते हुए बांसी के पुलिस क्षेत्राधिकारी शुभेंदु सिंह ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है. शनिवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

