अमित पांडेय, सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मड़वास थाना क्षेत्र के ग्राम महखोर में मायके से वापस लौटी पत्नी से नाराज पति ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस खौफनाक हमले में महिला का शरीर बुरी तरह झुलस गया है, जिसे नाजुक हालत में रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
मायके से लौटने पर भड़का पति
जानकारी के अनुसार, महखोर गांव में महिला हाल ही में अपने मायके से वापस अपने ससुराल लौटी थी। किसी बात को लेकर पति उससे काफी नाराज था। दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्साए पति ने अचानक घर में रखा पेट्रोल पत्नी पर छिड़क दिया और माचिस लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और महिला चीखने-चिल्लाने लगी।
चेहरा छोड़कर पूरा शरीर झुलसा
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आग बुझाने के प्रयास में पति का हाथ भी झुलस गया। घटना में महिला का चेहरा छोड़कर पूरा शरीर बुरी तरह झुलस चुका है।
पुलिस जांच में जुटी
परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक स्थिति और अत्यधिक जलने की वजह से डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज (संजय गांधी अस्पताल) रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी पति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

