राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस पर महिलाओं के प्रति बदसलूकी का आरोप लगाया है. उन्होंने दिल्ली पुलिस को घेरते हुए साकेत थाने का सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की बात कही है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में महिलाओं और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस पर हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान महिला पत्रकारों और प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया.
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने यौन उत्पीड़न की शिकायतों पर दिल्ली पुलिस की आलोचना करते हुए कहा है कि साकेत थाने का पूरा सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किया जाए. साथ ही उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा है. उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा “दिल्ली में इस वक्त जो हो रहा है, उसका एक ही पैटर्न है, जो औरत सवाल पूछे, उसे चुप कराओ. जंतर-मंतर पर सैकड़ों लोग हिरासत में लिए गए.”
उन्होंने कहा कि महिला प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की. महिला पत्रकारों के कैमरे छीने गए, उन्हें घसीटा गया. एक पत्रकार की शिकायत पर FIR तक दर्ज नहीं हुई. इस दौरान राहुल गांधी ने पीड़ित महिलाओं से मुलाकात भी की. इसका एक वीडियो अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर शेयर किया है.
राहुल गांधी ने कहा कि जिन पर महिलाओं की रक्षा की जिम्मेदारी है, वही उनके लिए खतरा बन रहे हैं. उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों पर तुरंत कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की. कांग्रेस नेता ने साकेत थाने से जुड़े मामले का भी जिक्र किया. उन्होंने सवाल उठाया कि जिस थाने में महिलाएं अपनी शिकायत लेकर जाती हैं, अगर वहीं उनके साथ इस तरह का व्यवहार होने के आरोप लगें तो स्थिति गंभीर है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

