सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। Singrauli Bank Robbery: जिले के बैंक ऑफ महाराष्ट्र की बैढ़न शाखा में 17 अप्रैल को हुई दिनदहाड़े की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वारदात में शामिल एक आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से 15 लाख 72 हजार रुपये नकद और 61 ग्राम सोना बरामद किया गया है।
आरपीएफ ने आरोपी कमलेश कुमार को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन रेलवे स्टेशन से पकड़ा। वह पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस ट्रेन से अपने गांव लौट रहा था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से बरामद नकदी और सोने की कुल अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
आरोपी की पहचान
कमलेश कुमार नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के ग्वाल बिगहा गांव का निवासी है। पूछताछ के दौरान उसने डकैती में शामिल होने कबूल किया। पुलिस के अनुसार, डकैती के बाद वह अपना हिस्सा लेकर भाग रहा था।
डकैती की पूरी घटना
17 अप्रैल को दोपहर के समय पांच हथियारबंद बदमाशों ने बैंक पर हमला किया। बदमाश पिस्टल और देशी कट्टे से लैस थे। उन्होंने मात्र 15-20 मिनट में पूरी वारदात को अंजाम दिया। बैंक में घुसते ही आरोपियों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर काबू में कर लिया। सभी के मोबाइल फोन छीनकर एक जगह जमा कर दिए गए। किसी भी तरह की आवाजाही या विरोध पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई गई। एक महिला ग्राहक ने बताया कि खांसने तक पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
बदमाशों ने बैंक मैनेजर को कनपटी पर कट्टा रखकर लॉकर की चाभियां निकलवाईं। मैनेजर की अनुमति से गोल्ड लोन वाले पांच लॉकर खोलकर करीब ढाई किलो सोने के आभूषण लूट लिए गए। साथ ही कैश काउंटर से नकदी भी उड़ाई गई। वारदात के बाद सभी आरोपी दो बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। मौके से एक देशी कट्टा बरामद हुआ है। बैंक के सीसीटीवी में तीन आरोपियों के चेहरे साफ कैद हुए हैं।
पुलिस की कार्रवाई
मध्य प्रदेश पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त रुख अपनाया है। फरार चार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। डीजीपी खुद सिंगरौली पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जांच की समीक्षा की। पुलिस ने सीमावर्ती जिलों और बिहार में नाकाबंदी बढ़ा दी है। विशेष टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी कमलेश कुमार से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस को उम्मीद है कि अन्य रोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अभी तक की स्थिति
गिरफ्तार: 2 आरोपी
फरार: 3 आरोपी
बरामद: 15.72 लाख नकद + 61 ग्राम सोना
यह डकैती सुनियोजित थी, क्योंकि आरोपियों को बैंक की संरचना और लॉकर व्यवस्था की पहले से जानकारी थी। पुलिस अब पूरे गिरोह तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है।

