सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के यूपी-एमपी बॉर्डर में सक्रिय रेत माफियाओं के नेटवर्क के खिलाफ प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया है। एसपी शियाज के कड़े निर्देशों के बाद खनिज विभाग, सोन घड़ियाल फॉरेस्ट विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने आधी रात को औचक छापेमारी कर अवैध रूप से डंप की गई लाखों रुपये की रेत को जेसीबी की मदद से पूरी तरह नष्ट कर दिया।
ये भी पढ़ें: इंदौर जेल में प्रहरी का खेल! अंडरगारमेंट्स-जूतों में छिपाकर लाया बीड़ी-तंबाकू, ऐसे खुला राज
सोन घड़ियाल अभ्यारण्य के पास चल रहा था अवैध खेल
जानकारी के अनुसार यूपी-एमपी बॉर्डर क्षेत्र में रात के अंधेरे में बेखौफ रेत माफियाओं द्वारा सोन नदी से अवैध तरीके से बड़े पैमाने पर रेत निकालकर सुनसान अड्डों पर डंप की जा रही थी। सबसे चिंताजनक बात यह है कि सोन नदी के इसी किनारे के पास फॉरेस्ट विभाग का ‘सोन घड़ियाल अभ्यारण्य केंद्र’ भी स्थित है, जिससे इन अवैध गतिविधियों के कारण जलीय जीवों और विशेषकर घड़ियालों के जीवन पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा था।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई संयुक्त टीम, आधी रात को हुई कार्रवाई
अवैध रेत डंपिंग की पुख्ता सूचना मिलते ही सिंगरौली एसपी शियाज के एम ने तत्काल पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद गढ़वा थाना पुलिस हरकत में आई और थाना प्रभारी विद्या वारिधि तिवारी, माइनिंग ऑफिसर अशोक मिश्रा तथा सोन घड़ियाल अभ्यारण्य की फॉरेस्ट टीम ने मिलकर आधी रात को संयुक्त छापेमारी की। टीम ने मौके पर पहुंचकर कई ट्रक डंप की गई अवैध रेत को जेसीबी से पूरी तरह नष्ट कर दिया।
ये भी पढ़ें: कूनो में चीते की हत्या का मामला: केंद्र सरकार ने भेजी हाई-लेवल सेंट्रल टीम; NTCA और WCCB के अफसर करेंगे मामले की जांच
माफियाओं को दी गई कड़ी चेतावनी
प्रशासनिक अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जिले में अवैध रेत का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी शियाज के एम ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत माफियाओं को पनपने नहीं दिया जाएगा और भविष्य में भी इस प्रकार की कड़ी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

