सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र में बारिश के बीच एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई की कक्षा 11वीं की छात्रा प्रियंका प्रजापति की उफनते नाले में बहने से मौत हो गई। छात्रा का शव नाले से बरामद कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें: देलावाड़ी घाट में भीषण हादसा: खाद्य तेल से भरा ट्रक गहरी खाई में पलटा, 1 की मौत
घर लौटते समय हुआ हादसा, तेज बहाव में बही छात्रा
जानकारी के अनुसार, प्रियंका स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर लौट रही थी। चमारीडोल स्थित अपने घर के पास जैसे ही वह नाला पार करने लगी, तेज बारिश के कारण नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से प्रियंका संभल नहीं सकी और नाले में बह गई।
घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने शुरू की तलाश, पेड़ में फंसा मिला बैग
छात्रा जब देर तक घर नहीं पहुंची, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों, स्थानीय समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और सरई थाना पुलिस की टीम ने पूरी रात नाले और आसपास के इलाके में सघन तलाश अभियान चलाया। तलाशी के दौरान नाले में एक पेड़ की झाड़ियों के पास प्रियंका का स्कूल बैग फंसा हुआ मिला।
ये भी पढ़ें: AIIMS के बाहर से 19 वर्षीय छात्रा लापता: मां से बहस के बाद टहलने निकली थी, 4 दिन बाद भी सुराग नहीं; FIR दर्ज
पुलिस ने बरामद किया शव, परिजनों में छाया मातम
बैग मिलने के बाद पुलिस ने उसी दिशा में खोजबीन तेज की, जिसके बाद नाले से प्रियंका का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्कूल से घर लौटते समय हुए इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



