सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए सरई-झुरही मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों की मांग है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए।

कुएं में गिरने से हुई थी घायल, जबलपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम

मामला सरई थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार पुरैल निवासी 25 वर्षीय सोनवती बैस की शादी कुछ समय पहले ही हुई थी। 17 जुलाई को वह ससुराल स्थित कुएं में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

मारपीट कर कुएं में दिया गया धक्का-ग्रामीण

गुरुवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने आरोप लगाया कि सोनवती के साथ मारपीट की गई और उसे कुएं में धक्का देकर गिराया गया। इसी आरोप को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने महान नदी पुल के पास सरई-झुरही मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाए।

पुलिस-प्रशासन मौके पर, जांच जारी

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि यह हादसा था या फिर किसी साजिश का नतीजा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m