सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से शासकीय कन्या छात्रावास की सुरक्षा और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। बैढ़न स्थित सीनियर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास की दर्जनों छात्राएं बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं और छात्रावास अधीक्षिका एवं उनके पति के खिलाफ सनसनीखेज आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत सौंपी। छात्राओं का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन अब तक मौन बना हुआ है।

अधीक्षिका के पति की एंट्री और आपत्तिजनक टिप्पणियां

कलेक्ट्रेट पहुंची आधा दर्जन से अधिक छात्राओं ने अपनी आपबीती सुनाते हुए अधीक्षिका अगासिया रावत और उनके पति पर गंभीर आरोप लगाए। छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास परिसर में अधीक्षिका के पति अवैध रूप से रहते हैं और छात्राओं पर अमर्यादित व आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं।

नियम-कायदों को ताक पर रखकर छात्राओं से हॉस्टल की साफ-सफाई कराई जाती है और उनसे खाना भी बनवाया जाता है। विरोध करने पर दबाव बनाया जाता है और प्रताड़ित किया जाता है।

पहले भी की थी शिकायत, पर नहीं हुई कार्रवाई

छात्राओं का कहना है कि वे इससे पहले भी कई बार जिला प्रशासन से इस मामले की शिकायत कर चुकी हैं लेकिन हर बार बात को दबा दिया गया। कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण अधीक्षिका और उनके पति के हौसले बुलंद हैं। मामला कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक आयुक्त ने शिकायत की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन जिम्मेदारों पर क्या सख्त कदम उठाता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m