दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत नो-मैपिंग और अन्य विसंगतियों के चलते करीब 33 लाख मतदाताओं को नोटिस भेजे गए थे। इनमें से अब तक 10.28 लाख से अधिक मतदाताओं का सत्यापन पूरा हो चुका है। सत्यापन की प्रक्रिया के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से जरूरी दस्तावेज ले रहे हैं। इसके साथ ही मतदाता सूची से जुड़ी आपत्तियों और दावों की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

11 अक्टूबर को सभी बूथों पर लगेगा स्पेशल कैंप

SIR प्रक्रिया को तेज करने के लिए 11 अक्टूबर को दिल्ली के सभी मतदान केंद्रों पर स्पेशल कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में मतदाता अपने नाम और विवरण से जुड़ी जानकारी की जांच कराने के साथ जरूरी दस्तावेज जमा कर सकेंगे। मतदाता सूची के ड्राफ्ट से संबंधित दावे और आपत्तियां 31 अक्टूबर तक जमा की जा सकेंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 30 नवंबर तक किया जाएगा। इसके बाद संशोधित मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

10 लाख से ज्यादा मतदाताओं का सत्यापन पूरा

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के मुताबिक, SIR के तहत नोटिस पाने वाले मतदाताओं में से अब तक 10,28,407 मतदाताओं से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन पूरा किया जा चुका है। कार्यालय के अनुसार, सत्यापन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

31 अक्टूबर तक जमा कर सकेंगे नोटिस, दावे और आपत्तियां

SIR प्रक्रिया के तहत इससे पहले तीन विशेष कैंप भी आयोजित किए जा चुके हैं। इन कैंपों में बड़ी संख्या में लोगों ने नोटिस के जवाब और जरूरी दस्तावेज जमा किए हैं। CEO कार्यालय के मुताबिक, मतदाता 31 अक्टूबर तक नोटिस के जवाब, दावे और आपत्तियां जमा करा सकते हैं। अंतिम तारीख तक प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 30 नवंबर तक किया जाएगा।

बीएलओ घर जाकर लेंगे दस्तावेज

दिल्ली में SIR की प्रक्रिया के तहत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं के लिए दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया को आसान बनाया है। नो-मैपिंग या तार्किक विसंगति से जुड़े नोटिस पाने वाले मतदाताओं के घर जाकर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) संबंधित दस्तावेज प्राप्त करेंगे। इसके बाद BLO इन दस्तावेजों को ECI-Net पर अपलोड करेंगे। दस्तावेजों की जांच के बाद निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ERO) संबंधित मामले पर निर्णय लेंगे। इससे नोटिस पाने वाले मतदाताओं को दस्तावेज जमा करने के लिए अलग से कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी।

युवा वोटरों के लिए 7-8 अक्टूबर को विशेष कैंप

मतदाता सूची में युवा वोटरों के नाम जोड़ने के लिए दिल्ली के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में 7 और 8 अक्टूबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन कैंपों के जरिए पात्र युवा मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले भी पिछले महीने युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए दो विशेष शिविर आयोजित किए गए थे। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, नए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

SIR में फॉर्म-6 के लिए मिले 1.90 लाख आवेदन

दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान नाम जोड़ने, हटाने और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। चार अक्टूबर तक नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के 1,90,133 आवेदन मिले हैं। 31 अगस्त से पहले प्राप्त 2,12,400 आवेदनों को जोड़ने पर फॉर्म-6 के कुल आवेदन 4,02,533 हो गए हैं।

पश्चिमी जिले से सबसे ज्यादा आवेदन

31 अगस्त से 4 अक्टूबर के बीच नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए सबसे ज्यादा आवेदन पश्चिमी जिले से 23,420 मिले हैं। इसके बाद उत्तर-पश्चिम से 20,165, दक्षिण-पूर्व से 18,831, पूर्व से 18,487, उत्तर-पूर्व से 17,831, दक्षिण-पश्चिम से 16,538 और दक्षिण जिले से 15,876 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, उत्तर जिले से 14,273, आउटर नॉर्थ से 13,193, सेंट्रल नॉर्थ से 11,800, सेंट्रल से 8,470, ओल्ड दिल्ली से 7,988 और नई दिल्ली से 3,261 आवेदन मिले हैं।

फॉर्म-8 के 69 हजार से ज्यादा आवेदन

इसी अवधि में मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के 5,020 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, नाम, पता या अन्य मतदाता विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के 69,817 आवेदन आए हैं। इसके अलावा फॉर्म-6ए के तहत भी 356 आवेदन मिले हैं। 31 अगस्त से पहले मिले आवेदनों को शामिल करने पर अब तक फॉर्म-6ए के 1,707, फॉर्म-7 के 56,491 और फॉर्म-8 के 3,30,585 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इस तरह SIR प्रक्रिया के दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ-साथ मौजूदा मतदाता सूची में संशोधन और नाम हटाने के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन किए गए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m