सिरसा में पत्नी के मायके जाने से आहत एक युवक अपनी ढाई वर्षीय बेटी के साथ अचानक लापता हो गया है। राजस्थान नहर की पटरी से युवक की बाइक, जूते और बच्ची का सामान बरामद हुआ है।
सिरसा। जिले के अंतर्गत आने वाले मंडी डबवाली क्षेत्र में प्रेम विवाह के आठ वर्ष बाद पारिवारिक अनबन के चलते एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक अपनी ढाई वर्षीय मासूम बेटी के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है क्योंकि लापता युवक की मोटरसाइकिल, मासूम बेटी का स्कूल बैग और सैंडल अबूबशहर गांव के समीप स्थित राजस्थान नहर की पटरी पर लावारिस हालत में बरामद हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय शहर थाना पुलिस ने गांव चौटाला निवासी जगदीश कुमार के लिखित बयान के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
पत्नी के जाने से था परेशान
शिकायतकर्ता जगदीश कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई 30 वर्षीय दयाराम गांव अलीकां स्थित एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करता है। दयाराम ने करीब आठ वर्ष पहले गांव चौटाला निवासी अमर सिंह की बेटी दर्शना से प्रेम विवाह किया था और इस शादी से उनकी एक ढाई वर्ष की छोटी लड़की रितिका है। दयाराम पिछले करीब तीन वर्ष से मंडी डबवाली में अपने परिवार के साथ रह रहा था, लेकिन करीब 10 दिन पहले उसकी पत्नी दर्शना किसी बात पर नाराज होकर अपने पिता के साथ मायके चली गई थी। पत्नी के इस तरह अचानक घर छोड़कर चले जाने के कारण दयाराम मानसिक रूप से काफी ज्यादा परेशान चल रहा था।
राजस्थान नहर पर मिला सामान
मानसिक तनाव के चलते आठ जुलाई की रात दयाराम अपनी बेटी रितिका को लेकर बाइक पर सवार होकर बिना बताए कहीं निकल गया। स्वजनों की अंतिम बार रात करीब 10 बजे उससे फोन पर बात हुई थी, लेकिन नौ जुलाई को दोपहर तक फोन पर घंटी जाने के बाद अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया। जब परिजन तलाश करते हुए अबूबशहर राजस्थान नहर पर पहुंचे, तो वहां भारत माला पुल की ओर पटरी पर दयाराम की बाइक, उसके जूते, बच्ची का स्कूल बैग और सैंडल पड़े मिले। पुलिस ने बाइक से गायब हुआ मोबाइल नशा करने वाले कुछ युवकों से बरामद कर लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

