सिरसा। जिला पुलिस में चार पुलिसकर्मियों ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना यानी VRS लेकर नौकरी छोड़ दी। इन पुलिसकर्मियों की सेवा अवधि में करीब डेढ़ साल से चार साल तक का समय बाकी था। इसके बावजूद उन्होंने नौकरी जारी रखने के बजाय परिवार को समय देना बेहतर समझा। वीआरएस लेने वाले पुलिसकर्मियों ने बताया कि लंबे समय तक ड्यूटी करने के बाद अब उनके लिए नौकरी जारी रखना मुश्किल हो गया था।

किसी को स्वास्थ्य की दिक्कत, किसी की पारिवारिक जिम्मेदारी

वीआरएस लेने वाले पुलिसकर्मियों के मुताबिक, पुलिस की नौकरी की अवधि काफी लंबी हो चुकी थी। अब आगे ड्यूटी कर पाना मुश्किल लग रहा था। कुछ पुलिसकर्मियों ने शुगर और बीपी जैसी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का जिक्र किया। वहीं, कुछ के बच्चे सैटल हो चुके हैं।

कुछ पुलिसकर्मियों ने पारिवारिक जिम्मेदारियां पूरी करने के बाद गोसेवा में जुटने की बात कही। ऐसे में उन्होंने अपनी नौकरी से अलग होकर निजी जीवन को समय देने का फैसला किया।

31 अगस्त को ली VRS

सिरसा में 31 अगस्त को आठ पुलिसकर्मी रिटायर हुए। इनमें ईएसआई मनोज कुमार, सुशील कुमार, ओम प्रकाश और एसआई जुगलाल समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। इसी दौरान चार पुलिसकर्मियों ने VRS ली।

इनके सम्मान में पुलिस लाइन सिरसा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीएसपी राजेश कुमार ने रिटायर और VRS लेने वाले पुलिसकर्मियों से मुलाकात की। उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

डीएसपी बोले- पुलिसकर्मी परिवार को कम समय दे पाते हैं

डीएसपी राजेश कुमार ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की नौकरी जनसेवा का बेहतरीन माध्यम है। पुलिसकर्मी घर से दूर रहकर अलग-अलग परिस्थितियों में ड्यूटी करते हैं। इसके चलते वे अपने परिवार को कम समय दे पाते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m