सिरसा। हरियाणा के सिरसा शहर में मंगलवार रात ओल्ड कोर्ट रोड स्थित रेलवे फाटक बंद होने के दौरान एक हुंडई कार रेलवे लाइन के बीच फंस गई। कार फाटक बंद होने से पहले लाइन पार कर रही थी, लेकिन समय रहते दूसरी तरफ नहीं पहुंच सकी। फाटक बंद होने के बाद कार लाइनों के बीच अटक गई। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। फाटक पर तैनात गार्ड की सूचना पर आरपीएफ पहुंची और कार को रेलवे लाइन से हटाया। इसके बाद इंजन की क्रॉसिंग कराई गई।

घटना रात करीब 9 बजे की बताई गई है। उस समय सुरतगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन का सिरसा स्टेशन पर ठहराव था। ट्रेन के इंजन को बदला जाना था। इसी दौरान इंजन की क्रॉसिंग के लिए रेलवे फाटक बंद किया जा रहा था।

जल्दबाजी में लाइन पार कर रहा था कार चालक

जानकारी के अनुसार, कार चालक फाटक बंद होने से पहले रेलवे लाइन पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान फाटक बंद हो गया और कार बीच लाइनों में फंस गई।

कार के दोनों ओर फाटक पर वाहन खड़े थे। कार को रेलवे लाइन पर फंसा देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।

ड्राइवर ने कार को वहां से निकालने की कोशिश की, लेकिन उसके पास आगे बढ़ने का कोई विकल्प नहीं था। इस दौरान उसने फाटक खोलने के लिए भी कहा।

गार्ड की सूचना पर पहुंची RPF

कार के रेलवे लाइन पर फंसने की जानकारी फाटक पर तैनात गार्ड ने आरपीएफ को दी। इसके बाद आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर कार को रेलवे लाइन से दूर हटाया।

कार हटाए जाने के बाद इंजन की क्रॉसिंग कराई गई। इस दौरान फाटक पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।

क्रॉसिंग के बिना नहीं खुलता फाटक

रेलवे के अनुसार, नियमों के तहत फाटक बंद होने के बाद ट्रेन या इंजन की क्रॉसिंग कराई जाती है। क्रॉसिंग के बाद सिग्नल मिलने पर ही फाटक खोलने की प्रक्रिया होती है।

घटना के समय भी इंजन की क्रॉसिंग होनी थी। इसलिए फाटक बंद होने के बाद उसे तत्काल खोलना संभव नहीं था।

डबल फाटक भी बना वजह

ओल्ड कोर्ट रोड पर स्टेशन नजदीक होने के कारण डबल फाटक है। दोनों फाटक अलग-अलग समय पर बारी-बारी बंद होते हैं।

घटना के समय एक फाटक बंद हो चुका था और दूसरा भी बंद होने वाला था। इसी बीच कार चालक ने जल्दबाजी में रेलवे लाइन पार करने की कोशिश की। इसी दौरान कार के निकलने से पहले फाटक बंद हो गया और वह लाइनों के बीच फंस गई।

ड्राइवर पर हो सकती है कार्रवाई

आरपीएफ के अनुसार, ऐसी स्थिति में वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। मामले में मुकदमा भी दर्ज हो सकता है। फिलहाल घटना के बाद कार को रेलवे लाइन से हटा दिया गया और इंजन की क्रॉसिंग पूरी कराई गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m