चमोली. बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर एसआईटी (SIT) गुरुवार को आरोपी प्रमोद नौटियाल के देहरादून स्थित सरकारी आवास पहुंची. जहां टीम ने जांच पड़ताल शुरू की. करीब तीन घंटे की कार्रवाई के दौरान टीम ने बैंक खातों, भूमि और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की.
एसआईटी के अधिकारियों के अनुसार बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. इधर SIT की पूछताछ के दौरान प्रमोद नौटियाल के बद्रीनाथ स्थित सरकारी कमरे की तलाशी में चांदी के सिक्के, चांदी का नाग, चांदी की एक मूर्ति, नेपाली मुद्रा की 50-50 रुपये मूल्यवर्ग की दो गड्डियों के साथ ही लगभग पांच हजार रुपये भारतीय मुद्रा बरामद होने की जानकारी सामने आई है.
इसे भी पढ़ें : बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी : कुबेर खजाने तक पहुंची SIT, नकदी, सोना-चांदी और अभिलेखों की हुई जांच
बता दें कि चढ़ावा चोरी मामले में बीते 13 जुलाई को एसआईटी (SIT) ने प्रमोद नौटियाल को देहरादून स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था. पुलिस की टीम सादी वर्दी में गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को चमोली लाया गया, जहां आरोपी से पूछताछ की गई थी.
नौटियाल के खिलाफ शिकायत आने पर मंदिर समिति ने उन्हें निलंबित कर दिया है. बीते 7 जुलाई को जारी आदेश के मुताबिक नौटियाल के विरुद्ध पदीय दायित्वों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आने पर 03 जुलाई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया था.
इसे भी पढ़ें : सावन के पहले दिन खाली पड़ा बाबा केदार का दरबार, तीसरे दिन भी नहीं शुरु हो सकी यात्रा
यहां से शुरू हुआ मामला
बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी का कथित आरोप हिंदूवादी संगठन ‘भैरव सेना’ ने लगाया था. भैरव सेना ने मंदिर समिति के कर्मचारियों पर चढ़ावे की गिनती में पैसों की हेराफेरी का आरोप लगाया था. जिसके बाद मामले में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल को निलंबित कर दिया गया. चढ़ावा चोरी के कथित आरोप के बाद दान और चढ़ावे वाले स्थान के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए गए. वहीं इस पूरे मामले ने अब कानूनी रूप ले लिया है.


