चमोली. बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले की जांच की कड़ी में एसआईटी (SIT) अब कुबेर खजाने तक पहुंच चुकी है. टीम ने चढ़ावे में आए नकदी, सोना-चांदी और संबंधित अभिलेखों की जांच की. इस दौरान सभी रजिस्टरों का मिलान किया गया और उपलब्ध सामग्री सुरक्षित पाई गई.

फिलहाल इस मामले में एसआईटी (SIT) अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. सबसे पहले पुलिस ने इस मामले में प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किया था, जो बद्री-केदार मंदिर समिति (बेकेटीसी) का कर्मचारी है. इससे पहले इस केस में उसका नाम सामने आने के बाद बीकेटीसी ने प्रमोद नौटियाल को निलंबित कर दिया था. फिलहाल प्रमोद नौटियाल जेल में है.

इसे भी पढ़ें : UTU सेमेस्टर परीक्षा पेपर लीक करने वाले अभियुक्त गिरफ्तार, व्हाट्सअप ग्रुप में करता था वायरल

बता दें कि चढ़ावा चोरी मामले में बीते 13 जुलाई को एसआईटी (SIT) ने प्रमोद नौटियाल को देहरादून स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था. पुलिस की टीम सादी वर्दी में गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को चमोली लाया गया, जहां आरोपी से पूछताछ की गई थी.

नौटियाल के खिलाफ शिकायत आने पर मंदिर समिति ने उन्हें निलंबित कर दिया है. बीते 7 जुलाई को जारी आदेश के मुताबिक नौटियाल के विरुद्ध पदीय दायित्वों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आने पर 03 जुलाई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया था.