रांची/खूंटी। झारखंड के खूंटी में आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रिंसिपल फादर बेनेडिक्ट बारला पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आठ सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। वहीं, रांची के अस्पताल में इलाज करा रहे फादर बारला की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, वह अब खतरे से बाहर हैं।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आठ सदस्यीय SIT गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ऋषभ गर्ग ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आठ पुलिस पदाधिकारियों की विशेष जांच टीम गठित की है। टीम में एएसपी अभियान क्रिस्टोफर केरकेट्टा, डीएसपी मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी बाबू बंसी साव, मारंगहादा थाना प्रभारी जुगेश सिंह और मुरहू थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं।

पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

हमले के विरोध में आज निकलेगा मौन जुलूस

फादर बारला पर हुए हमले को लेकर स्थानीय स्तर पर आक्रोश है। घटना के विरोध और न्याय की मांग को लेकर शुक्रवार को मसीही समुदाय और स्थानीय नागरिकों की ओर से मौन जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस नेताजी चौक से होते हुए लोयोला कॉलेज हॉस्टल ग्राउंड पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा।

आयोजकों ने लोगों से हिंसा के खिलाफ एकजुटता दिखाने और शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की मांग उठाने की अपील की है। साथ ही, जुलूस के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

फादर बारला की हालत में सुधार, खतरे से बाहर

फादर बेनेडिक्ट बारला पर मंगलवार रात स्कूल परिसर में अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला किया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया था।

फिलहाल उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, उनका ब्लड प्रेशर और शुगर का स्तर सामान्य हो गया है। सभी जरूरी मेडिकल जांच पूरी कर ली गई हैं। घावों के चिकित्सकीय आकलन के बाद आगे के इलाज की प्रक्रिया तय की जाएगी। फादर बिसु ने भी फादर बारला के खतरे से बाहर होने की पुष्टि की है।पुलिस अब हमले के पीछे की वजह और इसमें शामिल आरोपियों की पहचान को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है।