दिल्ली में धरना-प्रदर्शन को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से गठित कमेटी की सिफारिश पर जंतर-मंतर को निर्धारित विरोध प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने का फैसला लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रदर्शन के लिए तीन नए स्थान तय किए हैं। इस फैसले पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा।”

Jantar Mantar Protest Ban: अब कहां कर सकेंगे प्रदर्शन?

जंतर-मंतर को प्रोटेस्ट साइट के रूप में हटाए जाने के बाद अब दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के लिए तीन वैकल्पिक स्थान निर्धारित किए गए हैं।

  • रामलीला मैदान
  • बुराड़ी मैदान
  • CBD ग्राउंड, पूर्वी दिल्ली

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इन तीनों स्थानों पर प्रदर्शन और धरना आयोजित करने के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) अलग से जारी की जाएगी। यह बदलाव 28 अप्रैल 2022 को जारी आदेश में आंशिक संशोधन के तहत किया गया है।

गृह मंत्रालय की ओर से गठित कमेटी का उद्देश्य नागरिक अधिकारों और विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करने वाले लोगों के लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित करना था।

जंतर-मंतर पर रोक को लेकर अभिजीत दीपके की प्रतिक्रिया

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के निर्धारित स्थल के रूप में हटा दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस स्थान को पहले ही संघर्ष का मैदान बना दिया गया था।

दीपके ने कहा, “उन्होंने जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन की तय जगह के तौर पर हटा दिया है। हां, अब यह विरोध-प्रदर्शन की जगह नहीं रही, क्योंकि वैसे भी उस कायर तानाशाह ने इसे युद्ध का मैदान बना दिया था। अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा!”

जंतर-मंतर क्यों रहा है आंदोलन का प्रमुख केंद्र?

दिल्ली का जंतर-मंतर लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक आंदोलनों का अहम केंद्र रहा है। निर्भया मामले के बाद हुए विरोध प्रदर्शन, वन रैंक-वन पेंशन (OROP) आंदोलन, तमिलनाडु के किसानों का प्रदर्शन और नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ आंदोलन समेत कई आंदोलनों ने यहां जगह बनाई।

2023 में भारतीय कुश्ती संघ के तत्कालीन अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों का धरना भी जंतर-मंतर पर हुआ था। अब नए फैसले के बाद दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के आयोजन का स्वरूप बदलने की संभावना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m