सीतापुर जिले की महमूदाबाद तहसील में बाढ़ के पानी में डूबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए हैं.

सीतापुर. जिले की महमूदाबाद तहसील अंतर्गत रामपुर मथुरा ब्लॉक में बड़ा हादसा सामने आया है. सरैया मसूदपुर ग्राम पंचायत में बाढ़ से जलमग्न हुए खेतों का जायजा लेने गए तीन लोगों की पानी में डूबकर जान चली गई. मृतकों में पिता, उनका 13 वर्षीय बेटा और 17 वर्षीय भतीजा शामिल हैं. इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.

खेतों की स्थिति देखने गए थे ग्रामीण जानकारी के मुताबिक, सरैया मसूदपुर निवासी 40 वर्षीय सुरेंद्र चौहान अपने बेटे सौरभ चौहान (13) और भतीजे शोभित (17) के साथ जलभराव से प्रभावित फसलों को देखने गए थे. इसी दौरान तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आने से तीनों संतुलन खो बैठे और डूब गए. ग्रामीणों को जब तीनों के लापता होने की जानकारी मिली, तो इलाके में हड़कंप मच गया.

प्रशासन ने चलाया सर्च ऑपरेशन घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों के शवों को जलभराव वाले क्षेत्र से बाहर निकाला गया. महमूदाबाद के क्षेत्राधिकारी (सीओ) कपूर कुमार ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विधिक कार्रवाई जारी है.

मुख्यमंत्री ने दिए आर्थिक सहायता के निर्देश इस दुखद दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है. सीएम ने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मुलाकात करने और उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं. इसके साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा उपाय मजबूत करने की बात कही गई है.