सीतापुर के गोपालपुर गांव में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई, जिसमें मां-बेटे की मौत हो गई और बेटी गंभीर रूप से झुलस गई. आग लगने की सूचना के बाद पुलिस और अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं तथा परिवार को मदद का भरोसा दिया.

सीतापुर. गोपालपुर गांव में रविवार सुबह करीब छह बजे शॉर्ट सर्किट से एक घर में भीषण आग लग गई. हादसे के समय परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे. आग की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से झुलस गई.

घर में आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस को दी गई थी. आरोप है कि समय से मदद नहीं पहुंचने के कारण बेटे की घर में ही मौत हो गई, जबकि मां ने लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया.

पेट्रोल से तेजी से फैली आग

बताया जा रहा है कि घर में बिक्री के लिए पेट्रोल केन में रखा हुआ था. इसके चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और घर में मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए.

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह, सीओ महोली नागेंद्र चौबे के साथ मिश्रिख और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया.

सुबह घर से उठीं लपटें

गोपालापुर निवासी कमलेश ने बताया कि वह रविवार सुबह अपनी दुकान पर समोसा तैयार कर रहा था. करीब पौने सात बजे अचानक उसे घर से आग की लपटें दिखाई दीं, जिसके बाद वह मौके की ओर दौड़ा.

कमलेश के अनुसार, गांव के लोगों ने उसे घर के भीतर जाने से रोक दिया. इसके बाद काफी प्रयास कर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई. हादसे में मां और बेटे की मौत हो चुकी है, जबकि बेटी की हालत नाजुक बताई जा रही है.