अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीन के सैनिकों के बीच कथित टकराव को लेकर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर के बयान पर विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि चीनी सैनिकों के निर्धारित गश्त के तौर-तरीकों से हटने पर सीमा पर स्थिति बिगड़ती है।
LAC पर तनाव को लेकर विदेश मंत्रालय का बयान
रणधीर जायसवाल ने स्पष्ट किया कि मामले से जुड़ी विशिष्ट जानकारी रक्षा मंत्रालय से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि दोनों देश वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर लंबित मुद्दों को सुलझाने और गलतफहमी से बचने के लिए राजनयिक एवं सैन्य तंत्रों के माध्यम से बातचीत जारी रखे हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत-चीन संबंधों के समग्र विकास के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना बेहद जरूरी है।
ITBP DG के बयान पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
ITBP प्रमुख शत्रुजीत सिंह कपूर ने एक कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर सैनिकों के बीच फेस-ऑफ जारी रहने की बात कही थी। उनके बयान के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
3,488 किलोमीटर लंबी है LAC
भारत के अनुसार, वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) की लंबाई करीब 3,488 किलोमीटर है। इसका सीमांकन पूरी तरह नहीं हुआ है, जिसके कारण कई क्षेत्रों में भारत और चीन की सीमा संबंधी धारणाएं अलग-अलग हैं। वर्ष 2020 के गलवान संघर्ष के बाद से सीमा पर शांति और सुरक्षा दोनों देशों के संबंधों का अहम मुद्दा बनी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

