आशुतोष तिवारी, कालाहांडी: ओडिशा के कालाहांडी जिले के मदनपुर-रामपुर इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। गौड़ कार्लाखुंटा गांव में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर काम करने के दौरान दम घुटने से छह लोगों की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि टैंक के भीतर अचानक ऑक्सीजन की कमी हो गई, जिससे अंदर मौजूद मजदूर बेहोश होने लगे। हादसा उस वक्त और भयावह हो गया जब एक-एक कर लोगों को बचाने के लिए दूसरे लोग भी टैंक में उतरते चले गए, लेकिन जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी ने रेस्क्यू की कोशिश को ही बड़े हादसे में बदल दिया। कुछ ही देर में सभी लोग टैंक के भीतर अचेत हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक ही गांव में छह लोगों की मौत के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं इस हादसे ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा इंतजामों और सेफ्टी प्रोटोकॉल पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

