कोडरमा। तिलैया थाना क्षेत्र की जरगा पंचायत स्थित प्रसिद्ध वृंदाहा जलप्रपात से नौ सितंबर से लापता बिहार के जहानाबाद निवासी 15 वर्षीय छात्र सागर कुमार की तलाश के दौरान सोमवार को एक कंकाल बरामद हुआ है। कंकाल के सागर का होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस और प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

एनडीआरएफ और गोताखोरों की तलाश के बाद भी नहीं मिला था सुराग

सागर के लापता होने के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों ने कई दिनों तक जलप्रपात के आसपास व्यापक खोजबीन की थी। काफी प्रयास के बावजूद छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

स्वजनों के आग्रह पर फिर शुरू हुआ तलाशी अभियान

छात्र के स्वजनों के आग्रह और जिला प्रशासन व एसपी के निर्देश पर एक बार फिर नए सिरे से तलाशी अभियान शुरू किया गया है। इस बार पोकलेन मशीन की मदद से जलप्रपात के आसपास के इलाकों में खोजबीन की जा रही है। इसी अभियान के दौरान सोमवार को कंकाल बरामद हुआ।

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद

तलाशी अभियान के दौरान कोडरमा के अंचल अधिकारी रवि भूषण प्रसाद, तिलैया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह समेत पुलिस बल के जवान मौके पर मौजूद हैं। बरामद कंकाल की पहचान और मौत के कारणों की पुष्टि के लिए आगे की जांच की जा रही है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से कंकाल की पहचान की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद कंकाल लापता छात्र सागर कुमार का है या नहीं।