रायपुर. भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी (Smriti Irani) का आज छत्तीसगढ़ आएंगी. उनके साथ सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी रायपुर पहुचेंगे. नई प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी के पहले दौरे को लेकर एयरपोर्ट से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक जोरदार स्वागत की तैयारी की गई है.  दो दिवसीय दौरे पर वह भाजपा संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा करेंगी. दो दिनों तक भाजपा में मैराथन बैठकें होंगी. इनमें संगठनात्मक मुद्दों की समीक्षा के साथ कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं.

भाजपा कोर ग्रुप के साथ ही पार्टी के पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विचार परिवार के सदस्यों के साथ बैठकों का दौर चलेगा. वहीं निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों से भी संवाद किया जाएगा. 

एयरपोर्ट से लेकर बीजेपी दफ्तर तक जोरदार स्वागत

नितिन नबिन के बाद स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का नया प्रभारी बनाया गया है. नई जिम्मेदारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के पहले दौरे को लेकर भाजपा संगठन ने एयरपोर्ट से लेकर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक जोरदार स्वागत की तैयारियां की है. वह सुबह करीब 9 बजे रायपुर पहुचेंगी. जहां उनका स्वागत करने के लिए 20 मंडलों से हजारों कार्यकर्ताओं का जमावड़ा रहेगा. इसके साथ ही युवा मोर्चा और महिला मोर्चा बाइक रैली निकालेगी. प्रदेश कार्यालय तक कई स्थानों और चौक-चौराहों पर भी मंच बनाकर स्वागत किए जाने की तैयारियां है.

पीएम मोदी के ‘मन की बात’ सुनेंगी स्मृति, चलेगा बैठकों का दौर

भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू की मौजूदगी में दिनभर बैठकों का दौर चलेगा. दौरे के पहले दिन संगठन की समीक्षा, आगामी राजनीतिक रणनीति तैयार करने पर फोकस रहेगा. रविवार को सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना जाएगा. इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक होगी.

दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी. वहीं दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक संभाग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक आयोजित होगी. शाम 3:30 बजे से 5 बजे तक पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ अहम बैठक होगी, जबकि शाम 5:30 बजे से 7 बजे तक पार्टी के पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद किया जाएगा. इसके बाद शाम 7 बजे से रात 8:30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक होगी. 

कैबिनेट मंत्रियों से होंगी रूबरू, कामकाज की लेंगी रिपोर्ट

26 अक्टूबर को भी भाजपा प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी की मौजूदगी में दिनभर संगठनात्मक बैठकों और संवाद का दौर जारी रहेगा. दिन की शुरुआत पार्टी के सभी विधायकों के साथ बैठक से होगी, जिसमें प्रदेश प्रभारी उनसे रायशुमारी करने के साथ संगठन और उनके क्षेत्रों से जुड़ी जानकारी लेंगी.

सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक भाजपा सांसदों के साथ चर्चा होगी. इसके तुरंत बाद प्रदेश प्रभारी साय कैबिनेट के सभी मंत्रियों के साथ बैठक करेंगी. इस दौरान मंत्रियों के कामकाज और उपलब्धियों की रिपोर्ट भी ली जाएगी. दोपहर 3 बजे से प्रदेश के सभी निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक होगी. वहीं शाम 4:30 बजे से विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ संवाद का कार्यक्रम निर्धारित है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H