ODISHA DESK, कटक: ओडिशा में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सेंट्रल एक्साइज इंटेलिजेंस यूनिट-II को आज एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अधिकारियों ने एक गुप्त सूचना के आधार पर अचानक छापेमारी करते हुए एक अंतर-राज्यीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 22 लाख रुपये की कीमत वाली 221 ग्राम प्रीमियम क्वालिटी की ब्राउन शुगर जब्त की गई है।
एक्साइज विभाग के अधिकारियों को खुफिया जानकारी मिली थी कि इलाके में भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक्साइज इंटेलिजेंस यूनिट-II की टीम ने मयूरझलिया यू.पी. स्कूल के पास जाल बिछाया और घेराबंदी कर एक संदिग्ध को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपी की पहचान नयागढ़ जिले के चांदपुर थाना अंतर्गत श्यामसुंदरपुर गांव के रहने वाले सचिन प्रधान के रूप में हुई है। टीम ने जब आरोपी की सघन तलाशी ली, तो उसके पास से 221 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया। आरोपी सचिन प्रधान को एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया गया है।
एक्साइज विभाग के मुताबिक, जब्त की गई ब्राउन शुगर को आगे की जांच के लिए लेबोरेटरी भेजा जा रहा है। इसके साथ ही, विभाग इस बात का पता लगाने में जुटा है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसके पीछे कौन-कौन से बड़े सरगना शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय एक बड़े संगठित ड्रग नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलेगी।
कटक और आसपास के इलाकों में बढ़ रही नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के नजरिए से एक्साइज विभाग की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

