दीपक कौरव, नरसिंहपुर। नशा विरोधी अभियान ‘ईगल क्लॉ’ के तहत गश्त के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़ हुआ है।

NH 45 रोड पेट्रोल पंप खमरिया के पास पुलिस ने एक पिकअप वाहन को रोकने कोशिश की। पुलिस को देखते ही ड्राइवर वाहन से यू-टर्न लेकर भागा और आगे जाकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। 

जब पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो ऊपर आलू की बोरियां रखी हुई मिलीं। लेकिन बोरियां हटाते ही नीचे छिपाई गई भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने कुल 130 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 11 लाख 19 हजार रुपए बताई जा रही है।

पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वाहन और शराब को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर और वाहन मालिक की तलाश की जा रही हैं। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m