इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के MY अस्पताल में एक बार फिर सुरक्षा और साफ-सफाई के दावों की पोल खुलती नजर आई। मंगलवार सुबह अस्पताल की न्यू ओपीडी परिसर में एक जहरीला सांप निकलने से हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे ओपीडी खुलने से पहले ही परिसर के फर्श पर सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड की नजर जैसे ही सांप पर पड़ी, उसने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि उस समय ओपीडी पूरी तरह खुली नहीं थी और मरीजों की आवाजाही कम थी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब MY अस्पताल में इस तरह का वाकया सामने आया हो। इससे पहले भी अस्पताल परिसर में चूहों की वजह से नवजात बच्चों की मौत हो चुकी है। बार-बार हो रही इस तरह की घटनाओं से अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


