दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र से शराब सिंडिकेट की दबंगई और गुंडागर्दी का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां शोभापुर से महज 4 बोतल शराब खरीदकर पिपरिया लौट रहे 22 वर्षीय युवक राजा विष्णु कहार को शराब ठेकेदार के गुर्गों ने फिल्मी अंदाज में बोलेरो में किडनैप कर लिया। आरोपियों ने युवक को 3 घंटे तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और उस पर आबकारी एक्ट का झूठा केस दर्ज कराने का दबाव बनाया। हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गुर्गों के मंसूबों पर पानी फेर दिया और उल्टा शराब ठेकेदार से जुड़े 7 लोगों पर ही किडनैपिंग का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ये भी पढ़ें: ‘राजा-रजवाड़े’ वाले सवाल पर जीतू की सभा में बवाल, समर्थक और ग्रामीण में गुत्थमगुत्थी का VIDEO VIRAL

पिपरिया में महंगी और शोभापुर में 300 रुपये तक सस्ती है शराब

इस पूरे विवाद की जड़ में इलाके में चल रहा शराब का खेल और कीमतों का बड़ा अंतर है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक पिपरिया-बनखेड़ी क्षेत्र में शराब काफी महंगी बेची जा रही है। इसके उलट शोभापुर में प्रति बोतल 200 से 300 रुपये तक सस्ती शराब मिल रही थी। इसी वजह से युवक दूसरी जगह से शराब खरीद कर ला रहा था।

क्या कहता है आबकारी नियम? सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने मामले में बड़ा स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि आबकारी नियमों के तहत कोई भी व्यक्ति अपने निजी इस्तेमाल के लिए 4 बोतल शराब कहीं से भी ला सकता है, यह पूरी तरह वैध है। युवक ने कोई अपराध नहीं किया था।

थाने ले जाकर झूठे केस का बना रहे थे दबाव, खुद फंसे आरोपी

शराब ठेकेदार के कारिंदे युवक को बंधक बनाकर जबरन पिपरिया थाने ले गए थे। वे पुलिस पर दबाव बना रहे थे कि युवक पर आबकारी एक्ट की गंभीर धारा 34(2) के तहत केस दर्ज किया जाए। पुलिस ने मामले की हकीकत जानते ही आरोपियों के दावों को हवा में उड़ा दिया। पुलिस ने पीड़ित युवक राजा की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ ही अपहरण, मारपीट और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने की धाराओं में FIR दर्ज कर ली।

ये भी पढ़ें: ताऊ के खून से रंगे भतीजे के हाथ! अलमारी बिखेरकर रची झूठी कहानी, एक गलती से पकड़ा गया कातिल

भाजपा नेता व शराब ठेकेदार अटल राय पर उठे सवाल, 5 हिरासत में

इस पूरे मामले में शराब ठेकेदार और भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अटल राय से जुड़े 7 लोगों पर केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि 2 फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है। दूसरी तरफ भाजपा नेता अटल राय ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि पकड़े गए लोग उनके कर्मचारी नहीं हैं और यह उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने की एक सोची-समझी साजिश है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m