चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र से रिश्तों को कत्ल करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां राज नगर में एक 19 साल के नशेड़ी भतीजे ने अपने ही सगे ताऊ की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की भी पूरी कोशिश की लेकिन पुलिस की पैनी नजरों और महज कुछ घंटों की तफ्तीश के आगे उसकी चालाकी धरी की धरी रह गई। पुलिस ने आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर चाकू और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।

ये भी पढ़ें: युवती का अपहरण कर बनाया बंधक, 3 दिन तक किया दुष्कर्म, पुलिस के एक्टिव होते ही थाने के पास छोड़ा

नशे के लिए मांगे थे पैसे, इंकार करने पर उतारा मौत के घाट

चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले के मुताबिक मृतक की पहचान राज नगर निवासी कमल पिता राजेश कुमावत जिनकी उम्र 50 वर्ष के रूप में हुई है। उनकी हत्या उन्हीं के घर के एक कमरे में की गई थी। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी भतीजा चेतन कुमावत नशे का आदी है।

पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे के बाद से बड़े पिता के व्यवहार में बदलाव आ गया था और उन्होंने चेतन को पैसे देना बंद कर दिया था। घटना की रात चेतन ने अपने ताऊ से नशे के लिए रुपयों की मांग की थी। जब ताऊ ने साफ मना कर दिया, तो गुस्से में आकर उसने रात करीब 2:30 बजे किचन के चाकू से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

सीसीटीवी और ‘एक चोट’ ने खोल दिया कत्ल का राज

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कमरे की अलमारी का सामान बिखेर दिया ताकि मामला लूटपाट का लगे। इसके बाद उसने खून से सने कपड़े पीछे नाली में फेंक दिए और सुबह चुपचाप अपनी नौकरी पर चला गया। पुलिस ने जब पिछले 24 घंटे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि वारदात के समय घर में बाहर से कोई नहीं आया था। शक के दायरे में आए परिवार के लोगों से जब पूछताछ शुरू हुई, तो चेतन बुरी तरह हड़बड़ा गया।

ये भी पढ़ें: ‘पंचायत’ का फुलेरा नहीं… मौत की टंकी! इंदौर की जर्जर टंकी पर रीलबाजों का कब्जा”

वहीं वारदात के दौरान चेतन के हाथ में भी चोट आई थी जिसे देखकर उसकी नौकरी के मालिक ने उसे घर भेज दिया था। इसी चोट और पुलिस की कड़क पूछताछ के आगे टूटकर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर ही इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल चाकू और नाली से खून से सने कपड़े बरामद कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m