हेमंत शर्मा, इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के निपनिया क्षेत्र से एक हैरान और डराने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बंद और जर्जर पानी की टंकी अब रील और सेल्फी के शौकीन युवाओं के लिए नया एडवेंचर स्पॉट बन गई है। मशहूर वेब सीरीज पंचायत के फुलेरा गांव की पानी की टंकी की तर्ज पर यहां भी सुबह-शाम युवक-युवतियों का मेला लग रहा है। फर्क सिर्फ इतना है कि पर्दे पर दिखने वाली फुलेरा की टंकी सुरक्षित थी लेकिन इंदौर की यह जर्जर टंकी हकीकत में किसी बड़े और जानलेवा हादसे को खुला न्योता दे रही है।

ये भी पढ़ें: मुआवजे पर महासंग्राम! भोपाल कूच कर रहे किसानों पर छोड़े आंसू-मिर्च गैस के गोले, वाटर कैनन से रोका काफिला

बंद टंकी बनी ‘सेल्फी पॉइंट’

स्थानीय लोगों के मुताबिक यह पानी की टंकी लंबे समय से बंद पड़ी है और इसकी स्थिति भी सुरक्षित नहीं मानी जाती। इसके बावजूद हर दिन, खासकर सुबह सूर्योदय और शाम सूर्यास्त के समय, बड़ी संख्या में युवक-युवतियां यहां पहुंचकर रील बनाते हैं, फोटो खिंचवाते हैं और घंटों समय बिताते हैं।

रविवार सुबह फिर उमड़ी भीड़

रविवार सुबह सूर्योदय का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में युवक-युवतियां टंकी के ऊपर चढ़ गए। ऊंचाई पर खड़े होकर वीडियो और रील बनाई गईं। यह दृश्य देखकर आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई। रहवासियों ने पूरी घटना का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। बाद में स्थानीय लोगों ने समझाइश देकर युवाओं को नीचे उतारा।

क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार है?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि यह टंकी बंद है और खतरनाक श्रेणी में है तो आखिर यहां लोगों की आवाजाही कैसे हो रही है? सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं हैं? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद जागेगा? अगर किसी युवक का पैर फिसल जाए या टंकी का कोई हिस्सा टूट जाए, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

रहवासी बोले- हर दिन बढ़ रही परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से लेकर देर रात तक यहां युवाओं की आवाजाही बनी रहती है। तेज आवाज में संगीत, रील शूटिंग और भीड़ के कारण क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। कई बार समझाने के बावजूद लोग नहीं मानते, इसलिए अब प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

ये भी पढ़ें: एकलव्य स्कूल में बवाल! कीड़ों वाले खाने के खिलाफ छात्रों का हल्ला बोल, कहा- ‘कलेक्टर आएंगे तभी उठेंगे’

रहवासियों ने की बैरिकेडिंग और पुलिस गश्त की मांग

रहवासियों ने मांग की है कि इस जर्जर टंकी को पूरी तरह सील किया जाए, चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग की जाए और पुलिस की नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि कोई बड़ा हादसा होने से पहले ही इस खतरे पर रोक लगाई जा सके। फुलेरा की टंकी मनोरंजन का हिस्सा थी, लेकिन इंदौर की यह टंकी किसी भी पल हादसे की वजह बन सकती है। सवाल यही है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है, या फिर समय रहते इस खतरनाक ट्रेंड पर रोक लगाएगा?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m