शरद पाठक, तामिया (छिंदवाड़ा)। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हॉस्टल के भोजन की खराब गुणवत्ता को लेकर छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। स्कूल प्रबंधन की लापरवाही से नाराज सैकड़ों छात्र तेज बारिश के बीच सुबह 8 बजे से ही विद्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए हैं। छात्रों का साफ कहना है कि जब तक जिला कलेक्टर खुद आकर उनसे मुलाकात नहीं करते, तब तक उनका यह आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

ये भी पढ़ें: बिना नींद आए भी हाईवे पर क्यों हो जाते हैं खौफनाक हादसे? मशहूर ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने खोला ‘रोड हिप्नोसिस’ का राज

खाने में निकल रहे कीड़े, शिकायत के बाद भी प्रबंधन मौन

प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने हॉस्टल प्रबंधन पर बेहद गंभीर और लापरवाही के आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता लंबे समय से बेहद खराब है। कई बार खाने में कीड़े तक निकल चुके हैं लेकिन इसके बावजूद बच्चों को वही खाना परोस दिया जाता है।

इस समस्या को लेकर छात्र विद्यालय प्रबंधन से कई बार मौखिक और लिखित शिकायत कर चुके हैं, लेकिन हर बार केवल खोखला आश्वासन ही मिला। आखिरकार परेशान होकर बच्चों को आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा।

ये भी पढ़ें: किस्मत का जुआ: पन्ना में फल-सब्जी छोड़ ‘हीरे की खेती’ कर रहे किसान, कोई बना लखपति तो कोई आज भी फटेहाल

कलेक्टर से मिलने की जिद पर अड़े छात्र

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर धरना समाप्त कराने की कोशिश की। लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। आंदोलनकारी छात्र-छात्राओं ने दोटूक कहा है कि प्रबंधन की झूठी बातों पर अब उन्हें भरोसा नहीं है, वे अपना धरना तभी खत्म करेंगे जब जिला कलेक्टर खुद मौके पर आकर उनकी समस्या सुनेंगे। फिलहाल, बारिश के बीच बच्चों का प्रदर्शन जारी है और स्कूल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m