अजयारविंद नामदेव, शहडोल। क्या आपने कभी सुना है कि कि चमचमाती सड़कें भी किसी इंसान को सम्मोहित कर सकती हैं? सुनने में यह अजीब लग सकता है लेकिन लाखों फॉलोअर्स वाले ट्रैफिक हेड कांस्टेबल विवेकानंद तिवारी का दावा है कि लंबी दूरी तक अकेले ड्राइव करने के दौरान चालक रोड हिप्नोसिस का शिकार हो सकता है। यही वजह है कि कई बार बिना झपकी आए भी वाहन चालक सड़क हादसों का शिकार हो जाते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उनके वीडियो में उन्होंने इस खतरे को समझाते हुए हर 50 किलोमीटर पर ब्रेक लेने की सलाह दी है। आखिर क्या है रोड हिप्नोसिस और क्यों यह ड्राइवरों के लिए खतरनाक है।

ये भी पढ़ें: किस्मत का जुआ: पन्ना में फल-सब्जी छोड़ ‘हीरे की खेती’ कर रहे किसान, कोई बना लखपति तो कोई आज भी फटेहाल

LONG DRIVE पर हैं आप तो लें एक ब्रेक?

सोशल मीडिया पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने वाले लाखों फॉलोअर्स वाले ट्रैफिक हेड कांस्टेबल विवेकानंद तिवारी का एक नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने लंबी दूरी तक अकेले वाहन चलाने वालों को सावधान करते हुए रोड हिप्नोसिस यानी सड़क के सम्मोहन की जानकारी दी है। उनका कहना है कि कई बार सड़क दुर्घटनाएं केवल नींद आने की वजह से नहीं बल्कि लगातार एक जैसी सड़क पर ड्राइव करने के दौरान होने वाली मानसिक स्थिति के कारण भी होती हैं।

क्या है ‘रोड हिप्नोसिस’, जो चुपके से ले लेता है जान?

दरअसल नेशनल हाईवे पर गश्त के दौरान विवेकानंद तिवारी की नजर सड़क किनारे खड़ी एक काले रंग की कार पर पड़ी। कार में बैठा चालक आराम कर रहा था पूछताछ करने पर चालक ने बताया कि वह लंबी दूरी का सफर अकेले तय करके आ रहा है और नींद महसूस होने पर कुछ देर रुक गया है। इसी दौरान विवेकानंद तिवारी ने उसे समझाया कि यह केवल नींद नहीं बल्कि रोड हिप्नोसिस भी हो सकता है।

उन्होंने बताया कि जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक अकेले एक जैसी सड़क पर लगातार वाहन चलाता है तो उसका मस्तिष्क एक तरह की ऑटोमैटिक ड्राइविंग अवस्था में पहुंच जाता है। चालक को ऐसा लगता है कि वह पूरी तरह सतर्क है लेकिन उसका ध्यान धीरे-धीरे कम होने लगता है। ऐसी स्थिति में पलभर की चूक भी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है। यही वजह है कि अक्सर लंबी दूरी तय करने वाले वाहन पेड़ों या डिवाइडर से टकरा जाते हैं और लोग इसे केवल नींद आने का मामला समझते हैं।

“गाड़ी रोकें, पानी पिएं और थोड़ा टहलें…”

विवेकानंद तिवारी ने वाहन चालकों को सलाह दी कि यदि वे अकेले लंबी दूरी की यात्रा कर रहे हैं तो हर 50 किलोमीटर या लगभग एक घंटे के अंतराल पर कुछ मिनट का ब्रेक जरूर लें, वाहन से उतरकर थोड़ा टहलें, पानी पिएं और शरीर को सक्रिय रखें,इससे रोड हिप्नोसिस और थकान दोनों से बचा जा सकता है।

ये भी पढ़ें: कचरे के ढेर में खोया दो किलो चांदी का लोटा: 24 घंटे बाद जो हुआ, उसे देखकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा

निलंबन और इस्तीफे के बाद फिर लौटे विवेकानंद

बता दें कि शहडोल यातायात शाखा में पदस्थ रहे हेड कांस्टेबल विवेकानंद तिवारी सोशल मीडिया पर सड़क सुरक्षा से जुड़े जागरूकता वीडियो के कारण बेहद लोकप्रिय हैं। उनके लाखों फॉलोअर्स हैं और उनके वीडियो को व्यापक रूप से देखा जाता है। हाल ही में विभागीय कार्रवाई के चलते उन्हें निलंबित किया गया था, जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा भी दे दिया था। हालांकि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ, लंबे समय तक निलंबित रहने के दौरान भी वे बिना वर्दी के सड़क सुरक्षा संबंधी वीडियो बनाकर लोगों को जागरूक करते रहे,अब उन्होंने विभाग में पुनः जॉइनिंग कर ली है। वे जल्द ही फिर वर्दी में सड़क सुरक्षा अभियान से जुड़कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते नजर आएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m