बेड़ो/मांडर। नरकोपी थाना क्षेत्र के मंदरो गांव में मंगलवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपनी सास पर चाकू और साबल से हमला कर दिया। हमले में सास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी और आरोपी की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतका की पहचान हकीमन खातून (60) के रूप में हुई है। घायल महिला अफसाना खातून (22) को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रिम्स रेफर किया गया है।

डेढ़ माह से मायके में रह रही थी पत्नी

पुलिस के अनुसार, सलमान अंसारी ने करीब दो वर्ष पहले अफसाना खातून से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों के बीच विवाद चल रहा था। विवाद के चलते अफसाना पिछले करीब डेढ़ माह से अपने मायके मंदरो गांव में रह रही थी।

बताया गया कि मंगलवार शाम सलमान अंसारी अपने ससुराल पहुंचा। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने अपनी सास हकीमन खातून पर चाकू और साबल से हमला कर दिया। हमले में हकीमन की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान अफसाना भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

वारदात के बाद गांव में मची अफरा-तफरी

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल अफसाना को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

हत्या के बाद आरोपी दामाद फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद सलमान अंसारी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।