हेमंत शर्मा, इंदौर। राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने उसकी जमानत रद्द करते हुए 3 सप्ताह के अंदर सरेंडर करने का आदेश दिया था। कोर्ट के फैसले के बाद सोनम ने तय समय सीमा के अंदर आत्मसमर्पण कर दिया।
सोनम रघुवंशी सरकारी वकीलों के साथ शिलांग कोर्ट पहुंची। सरेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बता दें कि पूरे मामले पर देशभर की नजरें है।
बता दें कि बीते दिनों सोनम रघुवंशी को शिलांग कोर्ट ने रिहा कर दिया था। बताया गया था कि गिरफ्तारी के समय पुलिस ने उसे यह तक नहीं बताया कि उसे किस आधार पर गिरफ्तार किया जा रहा है। इसी बिंदु को कोर्ट में बचाव पक्ष के वकील ने आधार बनाया।
ये है पूरा मामला
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी (30) और सोनम रघुवंशी (25) की 11 मई को इंदौर में शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों हनीमून के लिए पहले कश्मीर जाने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में उन्होंने कामाख्या मंदिर दर्शन के बहाने मेघालय का रुख किया। 20 मई को दोनों इंदौर से बेंगलुरु और फिर असम के गुवाहाटी होते हुए मेघालय पहुंचे। 22 मई को शिलांग के मावलखियाट गांव स्थित शिपारा होम स्टे में रुके और वहीं से स्कूटी किराए पर लेकर घूमने निकले।
2 जून को राजा रघुवंशी की मिली थी लाश
2 जून 2025 को वेई सॉवडॉन्ग झरने के पास एक गहरी खाई से राजा का शव बरामद हुआ, जिससे उनकी हत्या की पुष्टि हुई। उनकी स्कूटी भी पास ही लावारिस हालत में मिली थी। राजा का शव 4 जून को इंदौर लाया गया और इसी दिन अंतिम संस्कार किया गया था।
गाजीपुर से पकड़ाई सोनम
इसके बाद 8 जून रविवार को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में नंदगंज पुलिस स्टेशन के सामने सोनम रघुवंशी ने आत्मसमर्पण कर दिया। सोनम को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने रातभर छापेमारी की। पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों राज कुशवाह (सोनम का बॉयफ्रेंड), विशाल चौहान और आकाश राजपूत को इंदौर से गिरफ्तार किया। इसके साथ ही एक अन्य आरोपी आनंद कुर्मी को सागर जिले के बीना से पकड़ा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


