नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले 20 दिनों से जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने VMMC एवं सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के अनुसार, वांगचुक ने अब तक अपनी भूख हड़ताल समाप्त करने से इनकार किया है और इलाज के तहत आईवी फ्लूइड, ओआरएस तथा दवाएं लेने से भी मना कर दिया है।
हेल्थ बुलेटिन: डिहाइड्रेशन, कम पोटैशियम और बढ़ते कीटोन्स
अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक, भर्ती के समय वांगचुक पूरी तरह सचेत थे। उनकी नब्ज, रक्तचाप और ऑक्सीजन स्तर सामान्य पाए गए, लेकिन शरीर में डिहाइड्रेशन, पोटैशियम की कमी और एसिड-बेस असंतुलन के संकेत मिले।
डॉक्टरों के अनुसार, उनका ब्लड शुगर 78 mg/dl दर्ज किया गया। वहीं, यूरिन टेस्ट में कीटोन्स का स्तर भर्ती के समय 1+ था, जो दोपहर तक बढ़कर 3+ हो गया। चिकित्सकों ने तत्काल IV फ्लूइड, ORS और आवश्यक दवाएं देने की सलाह दी, लेकिन वांगचुक ने सभी चिकित्सा हस्तक्षेप लेने से इनकार कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पत्नी का आरोप: बिना सहमति इलाज न हो, मेडिकल रिपोर्ट देने से इनकार
वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो ने मांग की कि उनकी स्पष्ट सहमति के बिना किसी भी प्रकार का उपचार शुरू न किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने परिवार को बताया कि वांगचुक का पोटैशियम स्तर 4.3 से घटकर 2.9 हो गया है, लेकिन बार-बार अनुरोध के बावजूद मेडिकल रिपोर्ट की प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट की कॉपी न मिलने से पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं और परिवार का भरोसा प्रभावित हुआ है।
स्वतंत्र मेडिकल जांच की मांग
अंगमो ने कहा कि परिवार किसी भी उपचार की अनुमति देने से पहले स्वतंत्र मेडिकल जांच कराना चाहता है। उनका कहना है कि दूसरे लैब से जांच कराने के बाद ही आगे के इलाज पर निर्णय लिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने सफदरजंग अस्पताल प्रशासन को पत्र लिखकर सभी मेडिकल रिपोर्ट की प्रतियां उपलब्ध कराने और उनकी अनुमति के बिना कोई मौखिक या इंट्रावीनस दवा या फ्लूइड न देने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

