सोनभद्र के अनपरा में प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर 19 वर्षीय युवती टावर पर चढ़ गई. पुलिस और परिजनों की समझाइश के बाद करीब साढ़े तीन घंटे में उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.

सोनभद्र. जिले के अनपरा में सोमवार को प्रेमी से शादी करने की जिद में 19 वर्षीय युवती टावर पर चढ़ गई. अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर में शॉपिंग सेंटर के पास हुई इस घटना के बाद पुलिस ने करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत और समझाइश के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया.

शादी की जिद पर टावर पर चढ़ी

जानकारी के मुताबिक, बीना बस स्टैंड निवासी युवती का रेणुसागर निवासी दूसरे समुदाय के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है. युवती उससे शादी करना चाहती है और बताया जा रहा है कि वह पिछले एक सप्ताह से इसके लिए लगातार प्रयास कर रही थी.

सोमवार को अपराह्न करीब 12 बजे युवती टावर पर चढ़ गई. घटना की जानकारी मिलने पर अनपरा थाना प्रभारी राजेश चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए.

पुलिस और परिजनों ने समझाया

पुलिस ने फोन के जरिए युवती से संपर्क कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की. उसकी मां, बहन और गांव के प्रधान कमलेश सिंह उर्फ पप्पू सिंह को भी मौके पर बुलाया गया.

नीचे से आवाज युवती तक नहीं पहुंचने के कारण पुलिस और परिजनों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से उससे नीचे उतरने की अपील की. हालांकि, युवती प्रेमी से शादी करने की मांग पर अड़ी रही.

साढ़े तीन घंटे बाद उतरी

लगातार समझाने-बुझाने के बाद युवती टावर से नीचे उतर आई. इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई.

पुलिस युवती और उसके प्रेमी से बातचीत कर मामले को सुलझाने में जुटी रही. इस पूरी घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही.