संजीव घनगस ,सोनीपत। जिला बार एसोसिएशन ने डिजिटलकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए “BarPortal” का शुभारंभ किया है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के लॉन्च के साथ ही बार प्रशासन के कामकाज में पारदर्शिता, गति और तकनीकी दक्षता को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और उन्होंने इस डिजिटल पहल का जोरदार स्वागत किया।

नए पोर्टल के जरिए अब बार एसोसिएशन से जुड़े प्रशासनिक कार्य एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे। इससे अधिवक्ताओं को सूचनाएं, सेवाएं और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं आसानी से मिल सकेंगी, जिससे समय की बचत और कार्य प्रणाली में सुधार होगा।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल हुड्डा ने कहा कि BarPortal अधिवक्ताओं के लिए एक आधुनिक सुविधा केंद्र के रूप में कार्य करेगा और इससे बार के संचालन में पारदर्शिता और प्रभावशीलता दोनों बढ़ेंगी।

अधिवक्ताओं ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक के समावेश से न केवल कार्य प्रणाली आधुनिक होगी, बल्कि न्यायिक और प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत व सुगम बनेगी। साथ ही यह पहल अन्य बार एसोसिएशनों के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित होगी।