Bihar News: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज सोमवार (2, नवंबर) को राजद सुप्रीमो लालू यादव से मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने लालू यादव से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उनके बीच कई मुद्दों पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं की यह मुलाकात दिल्ली स्थित आवास पर हुई, जहां इन दिनों लालू यादव रह रहे हैं। इस मौके पर तेजस्वी यादव और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। राजद सुप्रीमो ने सोनिया गांधी के साथ मुलाकात की तस्वीरों को सोशल मीडिया एक्स पर भी साझा किया है।

पुरानी यादें हुई ताजा- राजद सुप्रीमो

लालू यादव ने एक्स पर तस्वीर को साझा करते हुए लिखा कि, सोनिया गांधी ने आवास पहुंच स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पुराने दिनों की यादें ताजा हुई। स्मरण किया कि कैसे UPA सरकार के दिनों में हम लोगों ने युवाओं, किसानों, जवानों और आम आदमी के लिए पारदर्शी व जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की तथा मनरेगा, RTE, RTI जैसी कानूनों से देशवासियों को सशक्त किया गया। सरदार मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए हम लोगों ने कैसे 1 लाख 45 हज़ार करोड़ से अधिक की धनराशि दी।

लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे हैं लालू यादव

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सोशल मीडिया एक्स पर पिता लालू यादव और सोनिया गांधी के मुलाकात की तस्वीरें शेयर की साथ ही लिखा कि, सोनिया गांधी ने लालू यादव से मुलाकत की। देश के दो सबसे अनुभवी नेताओं की यह मुलाकात पारिवारिक व आत्मीय रही। दोनों लंबे समय से एक दूसरे के सुख-दुख में मजबूती से एक साथ खड़े रहे है। उन्होंने कहा कि, UPA की विकास गाथा पर उनके संघर्ष, संस्मरण, चिंतन और उपलब्धियों को सुनना और उससे सीखना मेरा सौभाग्य है। उनसे प्रेरणा मिलती है कि दृढ़ संकल्प और सही दिशा में की गई मेहनत हमेशा सकारात्मक परिणाम देती है।

गौरतलब है कि लालू यादव की तबीयत लंबे समय से खराब है और उनका इलाज सिंगापुर में चल रहा है, जिस वजह से उन्हें कई बार सिंगापुर भी जाना पड़ता है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते ही लालू यादव इन दिनों दिल्ली में ठहरे हुए हैं। वहीं, तेजस्वी यादव बीते 31 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्होंने कल 1 नवंबर को आयोजित इंडिया गठबंधन की मेगा रैली में भी हिस्सा लिया।

ये भी पढ़ें- केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बोले, विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन रहा पूरी तरह फ्लॉप शो, आधी जुटी भीड़