सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत के सबौली स्थित सरकारी स्कूल के 10वीं कक्षा के छात्र विशाल का शव 22 अगस्त को स्कूल से कुछ दूरी पर एक पार्क में झूले से लटका मिला। छात्र 18 अगस्त को स्कूल से निकलने के बाद लापता था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए स्कूल की शिक्षिका की भूमिका और पुलिस जांच पर सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कॉपी चोरी के विवाद के बाद स्कूल से निकला था विशाल
घटना 18 अगस्त की है। लंच ब्रेक के दौरान कक्षा में एक छात्र की कॉपी चोरी होने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप लगा कि विशाल और उसके एक साथी ने कॉपी चुराई है। बाद में कॉपी विशाल के बैग से मिली।
कॉपी मिलने के बाद विवाद बढ़ गया। शिकायत के बाद क्लास टीचर ने विशाल को थप्पड़ मारे। इसके बाद उसे अपने परिजनों को स्कूल बुलाकर लाने की हिदायत दी गई और स्कूल से भेज दिया गया। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद विशाल घर नहीं पहुंचा और लापता हो गया।
20 अगस्त को दर्ज हुई गुमशुदगी की शिकायत
विशाल के लापता होने के बाद 20 अगस्त को पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। इसके दो दिन बाद 22 अगस्त को उसका शव स्कूल से कुछ दूरी पर स्थित पार्क में बने झूले से लटका मिला।
शव मिलने की स्थिति को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि विशाल स्कूल की ड्रेस की पैंट पहनकर घर से निकला था, लेकिन शव मिलने के समय उसके शरीर पर लोअर था। उसके पैरों में जूते थे, लेकिन जूतों के फीते गायब थे।
पैरों के जमीन छूने पर भी उठे सवाल
परिजनों का दावा है कि जिस झूले पर विशाल का शव मिला, वहां उसके पैर जमीन को छू रहे थे। इसी आधार पर परिवार ने घटना को लेकर सवाल उठाए हैं और हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।
CCTV में अकेले जाते दिखा विशाल
पुलिस को मिले CCTV फुटेज में विशाल स्कूल से निकलने के बाद अकबरपुर बारोटा की ओर अकेले जाता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह चार दिनों तक कहां रहा और किसके संपर्क में था, यह पुलिस की जांच का अहम बिंदु है।
पुलिस ने मामले में शिक्षिका और विशाल के सहपाठियों से पूछताछ की है। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी ने भी मामले की जांच रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों का कहना है कि 18 से 22 अगस्त के बीच हुए घटनाक्रम की पूरी जानकारी सामने आना जरूरी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

