सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में रविवार देर रात तेज रफ्तार स्कूटी चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया। कुंडली के प्याऊ मनिहारी में 33 वर्षीय ढाबा संचालक नरेंद्र खत्री की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान अमन यादव ने नरेंद्र पर गोली चलाई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। सोमवार सुबह परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुंडली-सिंघु बॉर्डर के पास जीटी रोड (NH-44) पर जाम लगा दिया।

तेज रफ्तार स्कूटी को लेकर शुरू हुआ विवाद

परिजनों के मुताबिक, रविवार रात उमाशंकर कॉलोनी स्थित पानी के प्लांट के पास करीब 20-22 युवक बैठे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान अमन यादव तेज रफ्तार से स्कूटी चलाते हुए वहां पहुंचा।

नरेंद्र के भाई निखिल ने उसे स्कूटी धीरे चलाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि अमन और उसके साथ मौजूद युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में हाथापाई की स्थिति बन गई।

विवाद शांत कराने पहुंचे नरेंद्र, सीने में मारी गोली

झगड़े की जानकारी मिलने पर नरेंद्र खत्री प्लांट पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत कराने की कोशिश की। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान अमन यादव ने नरेंद्र के साथ भी गाली-गलौज की।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अमन ने पिस्तौल निकालकर नरेंद्र के सीने में गोली मार दी। गोली लगने के बाद नरेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए। उन्हें तुरंत नरेला के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

10 साल से चला रहे थे ढाबा

नरेंद्र खत्री कुंडली के रहने वाले थे। वह करीब 10 साल से प्याऊ मनिहारी में ‘मित्रां दा ढाबा’ चला रहे थे। करीब छह साल पहले उनकी शादी हुई थी। परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं। दोनों बेटों की उम्र करीब 2 और 4 साल है।

नरेंद्र अपने भाई के साथ ढाबा चलाते थे। उनके पिता मकान बनाने का ठेका लेते हैं। परिवार का पानी का प्लांट ढाबे से करीब आधा किलोमीटर दूर उमाशंकर कॉलोनी में है। प्लांट के साथ किराए के कमरे भी बने हुए हैं, जिनकी देखरेख निखिल करता है।

आरोपी फरार, गिरफ्तारी की मांग पर सड़क जाम

परिजनों के अनुसार, अमन यादव पेपर मिल कॉलोनी का रहने वाला है। गोली चलाने के बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया।

सोमवार सुबह नरेंद्र के परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुंडली-सिंघु बॉर्डर के पास जीटी रोड पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m