संजीव, सोनीपत। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। शुक्रवार को सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) की टीम ने गांव सोहटी की राजस्व संपदा में 6.5 एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान दो डीपीसी, दो बाउंड्री वॉल और करीब 2 एकड़ में बनाए गए कच्चे रास्तों को भी तोड़ा गया।

शुरुआती चरण में ही अवैध निर्माण पर कार्रवाई

जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) नीलम शर्मा ने बताया कि उपायुक्त नेहा सिंह के निर्देशानुसार जिले में अवैध निर्माणों को शुरुआती चरण में ही ध्वस्त करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सोहटी गांव में कार्रवाई की गई।

तोड़फोड़ की कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट और बिजली विभाग के एसडीओ रवि खोखर की मौजूदगी में की गई। इस दौरान एसएमडीए की इंफोर्समेंट टीम और पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही।

डीटीपी ने कहा- अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें

डीटीपी नीलम शर्मा ने आम लोगों से अवैध कॉलोनियों में प्लॉट नहीं खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी कॉलोनियों में सरकार की ओर से सड़क, पानी, सीवरेज या बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं।

उन्होंने कहा कि इससे लोगों की मेहनत की कमाई जोखिम में पड़ सकती है। प्लॉट खरीदने से पहले यह जांच लेना चाहिए कि संबंधित कॉलोनी नियमानुसार स्वीकृत है या नहीं।

निर्माण से पहले अनुमति लेना जरूरी

डीटीपी ने बताया कि नियंत्रित क्षेत्र में किसी भी तरह का निर्माण करने से पहले एसएमडीए के सीईओ से अनुमति लेना अनिवार्य है। अनुमति के बिना किए गए अवैध कॉलोनी या निर्माण को नियंत्रित क्षेत्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत एसएमडीए द्वारा किसी भी समय ध्वस्त किया जा सकता है।

संबंधित जानकारी के लिए नागरिक सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण कार्यालय, चौथी मंजिल, कराधान विभाग, सेक्टर-12, सोनीपत में संपर्क कर सकते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m