सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत स्थित ककरोई रोड पर देवनगर क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ एक दुकान की तीसरी मंजिल पर शेड लगाने का काम कर रहे दो मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई। वेल्डिंग करते समय लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव लूम निवासी जाहिद (23) और गांव खेड़ी निवासी रिहान (15) के रूप में हुई है।

वेल्डिंग के दौरान हाईटेंशन तार के संपर्क में आया पाइप

जानकारी के अनुसार, ककरोई रोड स्थित देवनगर में एक दुकान की तीसरी मंजिल पर शेड लगाने का काम चल रहा था। गुरुवार शाम के समय जाहिद और रिहान लोहे के पाइप लगाते हुए वेल्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट की चपेट में आते ही दोनों बुरी तरह झुलस गए और नीचे गिर पड़े। हादसे में दोनों की मौके पर ही जान चली गई।

तेज आवाज सुनकर ऊपर पहुंचे दुकानदार के उड़े होश

दुकानदार सतीश कुमार ने बताया कि दोनों मजदूरी का काम करते थे। इनमें से एक युवक काम मांगने आया था, जिसके बाद दोनों को शेड लगाने के काम पर लगाया गया था। काम के लिए एक दिन पहले सामान और गुरुवार सुबह लोहे के पाइप पहुंचाए गए थे। सतीश ने बताया कि जब वह नीचे खाना खा रहे थे, तभी ऊपर से तेज आवाज सुनाई दी। जब वे भागकर ऊपर पहुंचे तो दोनों मजदूर नीचे गिरे पड़े थे।

परिजनों को दी गई सूचना, शुक्रवार को होगा पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जहाँ शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सिटी थाना प्रभारी पंकज ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और परिजनों के बयान के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m